वन विभाग का अनुभूति कैंप : जंगल से रूबरू हुए स्कूली बच्चे, पूछे सवाल
वन परिक्षेत्र पष्चिम सिलवानी अंतर्गत किया गया अनुभूति ईको कैम्प का आयोजन
सिलवानी। वनमंडल रायसेन सामान्य अंतर्गत वन परिक्षेत्र पष्चिम सिलवानी की परिसर जमुनिया के जोगनखोह नामक स्थान पर बुधवार को अनुभूति ईको कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें वनमंडल अधिकारी सामान्य रायसेन अजय कुमार पाण्डेय द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वन परिक्षेत्राधिकारी परिक्षेत्र पष्चिम सिलवानी रविन्द्र पाटीदार द्वारा 120 बच्चों को वन भ्रमण कराया। भ्रमण के दौरान वन्यप्राणियों के संरक्षण, संवर्धन, एवं प्रबंधन विभाग द्वारा कैसे किया जाता है बच्चों को समझाया गया। एसडीओ सिलवानी पीके रजक ने पर्यावरणीय फायदे बताते हुए बताया कि कैसे वन ऑक्सीजन तथा कार्बनडाई आक्साइड का संतुलन बनाये रखते हैं तथा बादलों के संघनन द्वारा वर्षा में वृद्धि, नदियों को स्वच्छ जल की सतत आपूर्ति, भौतिक रासायनिक एवं ध्वनि प्रदूषण पर रोक आदि लाभ बताए। छात्र-छात्राओं को वनों में पाये जाने वाले तेंदूपत्ता के बारे में जानकारी दी गई। तथा वनों को अग्नि से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय पक्षी मोर, राष्ट्रीय वृक्ष बरगद, राष्ट्रीय पशु बाघ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यहां पाये जाने वाले बाघ के शरीर पर पाई जाने वाली काली धारियां एवं चेहरे के काले चिन्ह तथा पग चिन्ह प्रत्येक बाघ के अलग-अलग होते हैं। इसी प्रकार की मनमोहक एवं रोचक जानकारियां एसडीओ सिलवानी पीके रजक द्वारा बच्चों को प्रदान की गई। बच्चों को वन भ्रमण के बीच नास्ता एवं भोजन कराया गया जिसकी व्यवस्था परिक्षेत्राधिकारी रविन्द्र पाटीदार द्वारा की गई। अनुभूति कार्यक्रम के दौरान चित्रकला, प्रष्नोत्तरी, निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। अंत में परिक्षेत्राधिकारी द्वारा सभी का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम को पूर्ण किया गया।
प्रतियोगिता के परिणाम
चित्रकला / ड्राइंग प्रतियोगिता में प्रथम रोशनी दिवार कक्षा 11 वी शा.उ.मा. वि. जमुनिया, द्वितीय अंजली जाटव कक्षा 11 वी शा.उ.मा. वि. जमुनिया, तृतीय रोहित साहू कक्षा 9 वी शा. उत्कृष्ट विद्यालय रायसेन। किवज़ /सामान्य ज्ञान, पहेली प्रतियोगिता में प्रथम संजू तुमराम कक्षा 12 वी शा. उत्कृष्ट विद्यालय रायसेन, द्वितीय अनमोल खरे कक्षा 11 वी शा. उत्कृष्ट विद्यालय रायसेन, तृतीय दीपक सिंह कक्षा 11 वी शा. उत्कृष्ट विद्यालय रायसेन रहे।
