शासकीय माध्यमिक शाला चिचौली में निशुल्क साइकिल वितरण
सिलवानी। मध्यप्रदेश शासन की निशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला चिचौली में कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में भाजपा नेता विभोर नायक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के नगर मंडल उपाध्यक्ष अजमेर यादव, पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू भाई, ग्राम चिचौली के सरपंच शिवराजसिंह रघुवंशी, शाला के पूर्व प्रधानाध्यापक प्रभारी रामकृष्ण रघुवंशी, विद्यालय का समस्त शिक्षकीय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विभोर नायक ने कहा, “यह साइकिलें न केवल बच्चों के घर से विद्यालय तक की दूरी को आसान बनाएंगी, बल्कि उनके उज्जवल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम भी साबित होंगी। सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना ग्रामीण अंचलों में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने शासन एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



