सब जेल सिहोरा में बह रही ज्ञान की गंगा, निरक्षर बंदियों को साक्षर बनाकर किया जा रहा रिहा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। सब जेल सिहोरा में निरुद्ध निरक्षर बंदियों को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है । जेलर दिलीप नायक के विशेष प्रयासों से स्वयंसेवी संस्था गुड न्यूज सर्विस सोसाइटी, भोपाल द्वारा जेल परिसर में अनुग्रह साक्षरता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से निरक्षर बंदियों को पढ़ना-लिखना सिखाया जा रहा है ।
कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था के शिक्षक एनी जार्ज द्वारा नियमित रूप से कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं । इन कक्षाओं में निरक्षर बंदियों को मूलभूत शिक्षा प्रदान कर उन्हें साक्षर बनाया जा रहा है । जेल प्रशासन का उद्देश्य बंदियों को शिक्षा के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है ।
जेलर दिलीप नायक ने बताया कि 17 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुए इस साक्षरता अभियान के तहत 31 मार्च 2026 तक 20 निरक्षर बंदियों को साक्षर बनाया जा चुका है । यह अभियान वर्तमान में भी निरंतर जारी है। जेल में प्रवेश के समय जो बंदी निरक्षर होते हैं, उन्हें रिहाई से पूर्व साक्षर बनाने का प्रयास किया जाता है ।
उन्होंने बताया कि इस पहल से बंदियों में सीखने की रुचि बढ़ी है तथा जेल के वातावरण में सकारात्मकता और आत्मविश्वास का संचार हुआ है । शिक्षा के माध्यम से बंदियों के जीवन में नई उम्मीद जगाने का यह प्रयास समाज में पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है ।



