नशे से दूर रहने का दिया संदेश, ‘नई जिंदगी’ नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को किया जागरूक

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉ अभिलाषा चौरसिया के मार्गदर्शन में ग्राम पकरिया में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस दौरान विद्यार्थियों की ‘नई जिंदगी’ टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया ।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने शराब, तंबाकू, गुटखा सहित अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया । कलाकारों ने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है । विद्यार्थियों ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया ।
नाटक के दौरान ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति को सराहा । कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा । इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।



