छात्राओं ने जीवविज्ञान शिक्षक पर लगाए गंभीर आरोप

बम्होरी । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हौरी में पदस्थ जीवविज्ञान के नियमित शिक्षक कृष्णमुरारी शर्मा के खिलाफ छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की है। शिकायत सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दस्तावेजों सहित प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को भेजकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
प्राचार्य मुकेश रघुवंशी द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, कक्षा 10वीं की छात्राओं ने आरोप लगाया है कि शिक्षक उनसे पढ़ाई के अलावा जूते पहनाने, जैकेट देने, पानी की बोतल भरवाने सहित अन्य व्यक्तिगत कार्य करवाते हैं। वहीं कक्षा 11 वीं की छात्राओं ने शिकायत में आरोप लगाया कि पढ़ाई के दौरान शिक्षक विषय से असंबंधित अशोभनीय उदाहरण देते हैं तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। छात्राओं ने इन व्यवहारों के कारण स्वयं को असहज और असुरक्षित महसूस करने की बात कही है।
छात्राओं द्वारा दिए गए लिखित शिकायत आवेदन की प्रतिलिपि भी प्राचार्य के पत्र के साथ उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। प्राचार्य मुकेश रघुवंशी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।
इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्राचार्य मुकेश रघुवंशी द्वारा शिक्षक के अभद्र व्यवहार संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कृष्ण मुरारी शर्मा को सोमवार से शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बम्हौरी से हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एवं नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



