मध्य प्रदेश

छात्राओं के सम्मान के साथ स्थानांतरित हुए वैश्विक प्रतिभा आचार्य सोनी

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। म.प्र. शासन स्कूल शिक्षा विभाग की स्थानांतरण नीति के तहत शासकीय प्राथमिक शाला लुहरवारा-1 के शिक्षक आचार्य डॉ. राजा भैया सोनी का स्थानांतरण प्राथमिक शाला महगवां किया गया है । डॉ. राजा भैया सोनी ने प्राथमिक शाला लुहरवारा में लगभग 27 वर्षों की सेवा उपरांत विगत दिवस आपने शाला की छात्राओं का अंतिम बार सम्मान कर नवीन शाला में पदभार ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि आचार्य सोनी ने अपने इस पारी के सेवाकाल के दौरान अनेक नवाचारों से शाला और विभाग को गौरवान्वित किया है। उनके नवाचारों में बच्चों को गुणात्मक शिक्षा के साथ साथ आत्मनिर्भर बनने और चहुंमुखी विकास पर ध्यान दिया गया। नवोदय विद्यालय में छात्रों के चयन हेतु शाला का नाम हमेशा लिया जाता रहा है। आपके द्वारा भारत के लिए नमामि जननि सुकर्म यात्रा एक पवित्र संकल्प के साथ विगत तीन दशकों से भी अधिक समय से सफलतापूर्वक संचालित है। नमामि जननि कार्यक्रम को आपने इंडिया, एशिया, विश्व रिकॉर्ड के साथ विश्व के एकमात्र सर्वश्रेष्ठ अमिट रिकॉर्ड के रूप में भी नामांकित कर वैश्विक पटल पर अपने राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। आपके द्वारा आजीवन प्रतिदिन कन्याओं का त्रिकाल पूजन का पवित्र कार्य युग का एकल महान कार्य है जिसके माध्यम से जनमानस को बेटियों और नारी जगत को सेवा,सुरक्षा और सम्मान प्रदान करने के लिए हमेशा प्रेरित किया जा रहा है। आपके द्वारा जनमानस के संपूर्ण विकास के लिए अनेक सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक कार्यक्रम हमेशा आयोजित किए जा रहे हैं। आपके के द्वारा निर्वाचन कार्य में उत्कृष्टता के साथ बीएलओ कार्य जैसे संवैधानिक पदीय दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है। शाला में सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक समरसता, अस्पृश्यता निवारण, पर्यावरण संरक्षण, साक्षरता कार्यक्रम, देवस्थानों का संरक्षण और सौन्दर्यीकरण, सामाजिक कुरीतियों को नष्ट करने तथा महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक प्रयास किए गए हैं। आचार्य सोनी के इन प्रयासों और उत्कृष्ट नवाचारिता के साथ अध्यापन कौशल की सभी इष्टमित्रों, शिष्यों ने सराहना करते हुए नवीन शाला में नूतन कार्यशैली ऊर्जा के साथ पदभार ग्रहण करने हेतु शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button