गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का भव्य समापन, शासकीय कन्या हाई स्कूल सिलौड़ी में हुए विविध आयोजन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । शासन के निर्देशानुसार शासकीय विद्यालयों में आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत शासकीय कन्या हाई स्कूल सिलौंडी में 15 से 29 जुलाई तक विविध शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । पखवाड़े का समापन बुधवार को सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ ।
विद्यालय के प्राचार्य विशाल वरकड़े के मार्गदर्शन में आयोजित समापन समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने गुरु के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया । कार्यक्रम में बताया गया कि “गुरु का ज्ञान ही वह दीपक है, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर जीवन को प्रकाशमय बनाता है ।” इसी उद्देश्य से पूरे पखवाड़े में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया ।
संकुल प्राचार्य चंद्र कुमार परसवार ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 जुलाई से 29 जुलाई तक आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन से शुभारंभ, गुरु के महत्व पर विचार गोष्ठी, “मेरे जीवन में गुरु” विषय पर निबंध प्रतियोगिता, भजन एवं गीत प्रतियोगिता, योग अभ्यास, वाद-विवाद प्रतियोगिता, पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, शिक्षक-छात्र संवाद, शिक्षा के महत्व पर व्याख्यान तथा गुरु गुणगान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए ।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया । विद्यालय परिवार ने गुरु पूर्णिमा के इस आयोजन को भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा एवं नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया ।



