अजबधाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने किया गुरु पूजन

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। तीर्थस्थल अजबधाम, फतेहपुर में गुरु पूर्णिमा महापर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। छोटे सरकार के कुशल निर्देशन में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे परिसर में भक्ति, सेवा और अनुशासन का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
बुधवार सुबह 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच छोटे सरकार ने जय जय सरकार की चरण पादुका का विधि-विधान से पूजन एवं आरती कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने क्रमबद्ध तरीके से गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। फूलों से सजी जय जय सरकार की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
श्रद्धालुओं का कहना था कि भारतीय संस्कृति में गुरु को भगवान से भी ऊंचा स्थान प्राप्त है। शास्त्रों के अनुसार गुरु ही वह माध्यम हैं, जो अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और आस्था व्यक्त की।
श्रद्धालुओं ने छोटे सरकार से लिया आशीर्वाद
गुरु पूर्णिमा महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने जय जय सरकार के दर्शन किए। वहीं छोटे सरकार के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए भी लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। भीड़ को देखते हुए सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर दर्शन एवं पूजन करने का आग्रह किया गया, जिससे पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहीं।
भव्य सत्संग, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारा
महोत्सव के दौरान भव्य सत्संग, भजन-कीर्तन और गुरु वंदना का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। गुरु पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें हजारों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
श्रद्धालुओं ने अजबधाम की अनुशासित व्यवस्था, सेवा भावना और उत्कृष्ट आयोजन की सराहना की। अजबधाम सेवा समिति एवं शिष्यगणों ने महोत्सव को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



