धार्मिक

हनुमान जन्मोत्सव पर निकला भव्य चल समारोह, गूंजे जयघोष

सिलवानी। कलियुग के सिद्ध देव एवं प्रभु श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी के प्रकट्योत्सव (जन्मोत्सव) का पर्व गुरुवार को पूरे तहसील क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर विभिन्न हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा, हवन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। मंदिरों में भगवान की प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार कर भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
प्राकट्योत्सव के उपलक्ष्य में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल एवं सनातन समाज के तत्वावधान में श्री राम मंदिर जमुनिया पुरा से भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए, जो हाथों में भगवा ध्वज लेकर डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे।
पूरा मार्ग “जय श्रीराम”, “जय हनुमान” और “लाल लगोटा जय बजरंग” जैसे जयघोषों से गूंज उठा। चल समारोह का नगर में जगह-जगह स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भक्तों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button