शासकीय महाविद्यालय में किशोरी जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित, सुरक्षा व संस्कारों पर दी गई महत्वपूर्ण सीख

सिलवानी। शासकीय महाविद्यालय में बुधवार को थाना प्रभारी पूनम सविता के नेतृत्व में किशोरी जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग की टीम ने कॉलेज स्टाफ के साथ मिलकर छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, शिक्षा और नैतिक मूल्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
थाना प्रभारी पूनम सविता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की कुंजी है। उन्होंने छात्रों को जीवन में अनुशासन, आत्म-सुरक्षा और संस्कारों के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि माता-पिता हमारे प्रथम गुरु हैं, उनकी आज्ञा का पालन करना हर बच्चे का परम कर्तव्य होना चाहिए।
कार्यक्रम में मोबाइल के सीमित व सही उपयोग पर भी बल दिया गया। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यकता के समय और पढ़ाई में सहायक के रूप में किया जाना चाहिए, न कि लोभ या दिखावे के लिए। साथ ही, किसी के प्रलोभन में न आने की भी सलाह दी गई।
परिवार में सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं के पालन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।



