मध्य प्रदेशविधिक सेवा

दीप प्रज्ज्वलन और वृक्षारोपण के साथ ढीमरखेड़ा में नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ

42 प्रकरणों का मौके पर हुआ निराकरण
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । तहसील न्यायालय ढीमरखेड़ा में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वृक्षारोपण के साथ किया गया । कार्यक्रम का आयोजन म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी जितेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ ।
कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं तहसील न्यायालय ढीमरखेड़ा की माननीय न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया।
नेशनल लोक अदालत के दौरान विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का आपसी सहमति से निराकरण किया गया । घरेलू हिंसा से संबंधित 11 प्रकरण, परिवाद के 9 प्रकरण तथा आपराधिक मामलों के 22 प्रकरणों सहित कुल 42 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। इससे संबंधित पक्षकारों को त्वरित राहत मिली और न्यायालयीन प्रक्रिया में समय व धन की बचत हुई।
इस अवसर पर न्यायाधीश श्रीमती पूर्वी तिवारी ने उपस्थित पक्षकारों को सौहार्दपूर्ण जीवन जीने, विवादों से दूर रहने और आपसी समझदारी से समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत केवल मामलों के निपटारे का मंच नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में पक्षकारों को पौधे भेंट किए गए और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई । साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण तथा विवादमुक्त जीवन अपनाने का संदेश भी दिया गया।
नेशनल लोक अदालत के इस आयोजन से न्यायालय परिसर में सकारात्मक माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने त्वरित एवं सरल न्याय व्यवस्था की सराहना की।

Related Articles

Back to top button