कार के उड़ने का जमाने में भी किसान का जीवन आसान बना रही बैलगाड़ी
सिलवानी। खेती-किसानी में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल ने खेतों से कृषि उपज मंडी तक पहुंचने के तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है। अब ट्रैक्टर ट्रॉलियों और अन्य वाहनों की मदद से किसान अपनी उपज कम समय में मंडी तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन इस आधुनिक बदलाव के बीच कृषि उपज मंडी में कुछ किसान ऐसे भी हैं, जिनके जीवन को बैलगाड़ी आसान बना रही है। मंडी परिसर में आधुनिक वाहनों के बीच धीरे-धीरे आगे बढ़ती बैलगाड़ियां ग्रामीण जीवन की पुरानी तस्वीर को जीवंत कर देती है।
एक समय था, जब मंडी में अनाज लेकर पहुंचने वाली बैलगाडियां दिखाई देती थीं। बैलों के गले में बंधी घंटियों की मधुर आवाज, कतारों में खड़ी गाड़ियां और उपज बेचने के लिए जुटे किसानों की भीड़ मंडी के माहौल को खास बना देती थी। उस दौर में बैलगाड़ी किसानों की जरूरत के साथ उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा भी हुआ करती थी।
समय के साथ परिवहन के साधनों में तेजी से बदलाव आया है। ट्रैक्टर ट्रॉलियों और अन्य वाहनों की
उपलब्धता बढ़ने से उपज ढोना आसान हुआ और मंडी तक पहुंचने में लगने वाला समय भी कम हो गया।
इसका असर बैलगाडियों पर पड़ा और उनकी संख्या लगातार घटती चली गई। इसके बावजूद आज भी कुछ किसान बैलगाडियों से अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचते हैं।
आधुनिक वाहनों की भीड़ में बैलगाड़ी का नजर आना बीते दौर की याद दिलाता है। इसके पीछे किसानों की क्या परिस्थितियां है, यह स्पष्ट नहीं है, इनकी मौजूदगी बताती है पुरानी परंपराएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
पहले दिखतीं थीं लंबी कतारें
आज मंडी की तस्वीर पहले से काफी अलग है। जहां कभी बैलगाड़ियों की कतारें दिखाई देती थीं, वहां अब ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का दबदबा है। फिर भी बैलगाड़ी से मंडी पहुंचने वाले किसान ग्रामीण संस्कृति की उस विरासत को सामने लाते हैं, जिसमें खेती, पशुधन और किसान का जीवन एक-दूसरे से गहराई से जुड़ा हुआ था।



