धार्मिकमध्य प्रदेश

मोरपंख से सजी देवी-देवताओं की ऊंची-ऊंची ढालें बनीं मढ़ई मेले का आकर्षण

प्रतापगढ़ में परंपरागत तरीके से मनाया गया मढ़ई मेला, गांगो माई की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
सिलवानी। दीपावली पर्व के बाद ग्रामीण अंचलों में मढ़ई मेले की परंपरा आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। इसी कड़ी में तीज के अवसर पर ग्राम प्रतापगढ़ में परंपरागत मढ़ई मेले का आयोजन किया गया। मेले में आदिवासी समाज के लोगों ने अपने-अपने देवी-देवताओं की मोरपंख से निर्मित ऊंची-ऊंची ढालें निकालीं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं।
मोरपंखों से आकर्षक ढंग से सजाई गई इन ढालों को लेकर श्रद्धालु गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए निर्धारित समापन स्थल तक पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के साथ मढ़ई उत्सव मनाया गया। समापन स्थल पर आदिवासी समाज की आराध्य देवी गांगो माई की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
उल्लेखनीय है कि मढ़ई मेला दीपावली के बाद मनाई जाने वाली एक पारंपरिक लोक परंपरा है। इसकी शुरुआत कार्तिक मास की दूज से होती है और देवउठनी ग्यारस तक अलग-अलग गांवों में मढ़ई मेलों का आयोजन किया जाता है। इन मेलों में बच्चों के खिलौने, कपड़े, घरेलू सामान और झूले सहित कई तरह की दुकानें सजती हैं।
मढ़ई की परंपरा आदिवासी समाज के साथ-साथ गो-पालक, कहार और मांझी समाज की धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीण क्षेत्रों में यह परंपरा अपनी पहचान बनाए हुए है और नई पीढ़ी को लोक संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button