पर्यावरणमध्य प्रदेश

बेगमगंज रेंज में तेंदुआ मृत मिला, वनविभाग जांच में जुटा

बेगमगंज । जिला मुख्यालय से 80 किमी दूर बेगमगंज रेंज क्षेत्र के सुनेहरा बीट में आज शनिवार की सुबह एक तेंदुए का शव नाले में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर डीएफओ प्रतिभा शुक्ला , रेंजर अरविंद अहिरवार एवं भोपाल से आई जांच टीम सहित वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई है।
डीएफओ प्रतिभा शुक्ला ने बताया, क्षेत्र के लोगों के बताए अनुसार बेगमगंज रेंज के तहत सुनहेरा बीट में पिछले एक पखबाड़े से एक युवा तेंदुआ आ गया था जो आसपास विचरण करते हुए पालतू पशुओं को भी अपना शिकार बना रहा था। उसके आतंक के कारण किसानों ने रात में अपने खेतों पर जाना छोड़ दिया था ओर ग्राम सुनेहरा, मड़िया, कोलुआ सहित आसपास के 8 गांव के लोगों ने भी रात में घरों से निकलना बंद कर दिया था। दिन में किसान झुंड बनाकर खेतों में जाते थे।
डीएफओ ने बताया आज सुनेहरा बीट के पास नाले में युवा तेंदुएं का शव पड़ा हुआ मिलने पर मौके पर वनविभाग की टीम ने पहुंचकर जांच कराई है और शव का पोस्टमार्टम कराकर बीट के डिपो में जलाकर उसका अंतिम संस्कार किया गया है।
फिलहाल उसकी मौत का कारण ज्ञात नहीं हो सका है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
2 जनवरी 2026 शुक्रवार के सायं लगभग सूर्यास्त के समय रायसेन वनमण्डल अंतर्गत वनपरिक्षेत्र बेगमगंज के परिसर सुनेहरा “अ” कक्ष क्रमांक पीएफ 156 ए से लगे राजस्व क्षेत्र में नाले में ग्राम सुनेहरा के पास वन अमले की गस्ती के दौरान एक मादा तेंदुआ लगभग आयु 4-5 वर्ष मृत अवस्था में मिला। मृत तेंदुए (मादा) के सभी अंग सुरक्षित पाये गये। उक्त मृत तेंदुए (मादा) से संबंधित सूचना वन स्टॉफ द्वारा वनपरिक्षेत्र अधिकारी बेगमगंज को दी गई। वनपरिक्षेत्र अधिकारी बेगमगंज द्वारा वनमण्डलाधिकारी महोदया सामान्य रायसेन को दी गई। वन अपराध प्रकरण 47321/09 दिनांक 2.1.2026 जारी कर प्रकरण विवेचना में लिया गया। 3 जनवरी 2026 शनिवार को डॉग स्कॉड द्वारा सर्चिग की गई। सर्चिग के दौरान डॉग स्कॉड नाले से लगे हुये लगभग 20 मीटर दूर के खेत में गया तब तत्काल वन अमला सर्चिग हेतु आस-पास के खेतों में गया तो वन अमले ने उक्त खेत से एक बड़ी खूंटी जप्त की जिसमें कुछ बाल लगे हुये पाये गये। पास के खेत में 3 खूंटी भी पाई गई। डॉग स्कॉड की सर्चिग के आधार पर 3 संदिग्ध व्यक्तियों बीरवल आ. दयाली पाल, पीर मो. आ. हसन खां एवं सलीम आ. हसन खां निवासी सुनेहरा के खिलाफ सर्च वारंट की कार्यवाही कर प्रकरण दर्ज किया गया। इसी दौरान मादा तेंदुआ NTCA की गाइडलाइन अनुसार शव विच्छेदन एवं विनिष्टीकरण किया गया। शव विच्छेदन एवं विनिष्टीकरण प्रक्रिया में वनमण्डलाधिकारी प्रतिभा शुक्ला (भा.व.से.), वनपरिक्षेत्र अधिकारी अरविंद अहिरवार, वन्यप्राणी चिकित्सक वन विहार भोपाल अतुल गुप्ता, NTCA से डी.पी. श्रीवास्तव, राजस्व विभाग के प्रतिनिधि विकम राजपूत नायब तहसीलदार, पशु चिकित्सक जयशंकर पाल पशु चिकित्सालय बेगमगंज एवं वनपरिक्षेत्र बेगमगंज का वन स्टॉफ उपस्थित रहा।

Related Articles

Back to top button