दैवेभो को नियमित कर खाली पदों को भरा जाए, सौंपा ज्ञापन

सिलवानी | दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने नगरीय प्रशासन के रिक्त पदों पर व्यापम के माध्यम से नहीं, बल्कि उनके नियमितीकरण से नियुक्ति की मांग को लेकर मंगलवार को एसडीएम पीसी शाक्य को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग में लगभग 50 हजार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कार्यों में लगे हुए हैं। ये कर्मचारी नगर परिषद, नगर पालिका और नगर निगम में 10 से 15 वर्षों से सेवा दे रहे हैं। इनका योगदान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण है।
कोरोना काल में भी इन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा की। अब सरकार 1 लाख पदों की पूर्ति के लिए व्यापम के माध्यम से नियुक्ति की योजना बना रही है, जो दैनिक वेतनभोगियों के लिए पीड़ादायक है। दैवेभो कर्मचारियों ने बताया कि सरकार को उनके नियमितीकरण से ही रिक्त पदों की पूर्ति करनी चाहिए। इस अवसर पर देवेंद्र रघुवंशी, निखिलेश राय, धर्मेंद्र गुप्ता, दीपक साहू, भगवानदास विश्वकर्मा, रवि यादव, रविकांत कलोसिया आदि मौजूद रहे।



