मंत्री रामनिवास रावत हारे, कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा 7 हजार 228 वोट से जीते
विजयपुर विधानसभा उपचुनाव
BJP ने की री-काउंटिंग की मांग
श्योपुर । एमपी के श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए वोट की गिनती पॉलिटेक्निक कॉलेज में पूरी हो चुकी है। इसमें प्रदेश सरकार में वन मंत्री और भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने 7,228 वोट से जीत दर्ज की है।
इधर, भाजपा ने दोबारा काउंटिंग की मांग की है। इसके लिए निर्वाचन अधिकारियों को आवेदन भी दिया है।
विजयपुर में 15वें राउंड के बाद बड़ा उलटफेर
पहले राउंड की काउंटिंग में कांग्रेस को 178 वोटों की बढ़त मिली। इसके बाद दूसरे से 15वें राउंड तक लगातार भाजपा आगे रही। आठवें राउंड तक तो भाजपा की लीड 8661 वोटों की हो गई थी। नौवें राउंड में ये लीड कुछ घटी। रुझान में बड़ा उलटफेर 15वें राउंड के बाद देखने को मिला, जब कांग्रेस को 3547 वोटों की बढ़त मिली, जिससे भाजपा की ओवरऑल लीड घटकर 1496 रह गई। 16वें राउंड में कांग्रेस 1842 वोटों से आगे हो निकल गई। 17वें राउंड में ये लीड बढ़कर 4747 हो गई।
13 नवंबर को हुई थी वोटिंग
विजयपुर में 13 नवंबर को वोटिंग हुई थी। यहां चार गांव में हिंसा भी हुई थी। 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहे। विजयपुर में रामनिवास रावत के विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण उपचुनाव हुआ। इस्तीफे के बाद रावत भाजपा में शामिल हुए और डॉ. मोहन यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए।
लोकसभा चुनाव के दौरान मुकेश कांग्रेस, रावत भाजपा में आए थे
जब लोकसभा चुनाव के दौरान रामनिवास रावत ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उसी दौरान मुकेश मल्होत्रा ने लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ज्वांइन की थी। मुकेश पिछले चुनाव में पार्टी टिकट न मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में 44 हजार वोट हासिल कर तीसरे नंबर पर रहे। लेकिन इस बार कांग्रेस ने उन्हें उम्मीदवार बनाया और वे चुनाव जीत गए। मुकेश सहरिया समुदाय से आतें हैं, जिनकी संख्या विजयपुर में अधिक है।



