मध्य प्रदेश

नल जल योजना बनी ग्रामीणों की परेशानी का सबब, मुख्य मार्ग पर कीचड़ होने से आवागमन बाधित

कछुआ गति से चल रहा टंकी निर्माण, पाइप लाइन बिछाने का काम
रिपोर्टर : रिजवान खान
जैथारी। सिलवानी तहसील के ग्राम जैथारी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा गांव में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए टंकी निर्माण और पाइप लाइन बिछाने का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। एक वर्ष पहले प्रारंभ हुई योजना अभी तक पूर्ण नही हुई। पाइप लाइन बिछाने को लेकर ठेकेदार द्वारा खुदाई की जा रही है। इसके चलते गांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर कीचड़ ही कीचड़ हो रहा है, जिसके चलते न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है बल्कि वाहन चालक रोजाना अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा है, क्योंकि कई जगह पाइप लाइन खुदाई करके बिछा दी है, लेकिन पुराव नहीं किया गया है। इससे वाहन पाइपों के ऊपर चढ़ जाते हैं। वहीं अभी तक टंकी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में अभी पानी मिलने में भी समय लगेगा। हालांकि अफसर दावा कर रहे हैं। कि सितंबर तक काम पूरा करवा लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल ऐसा होता नहीं दिख रहा है। हालत यह है कि दो माह से नालियां खुदी पड़ी हुई है, जिससे बच्चों के साथ अनहोनी की आशंका बनी हुई है। अभी तक ग्रामीणों को नल कनेक्शन तक नही हुए हैं।
पीएचई के एसडीओ शर्मा ने बताया कि किसी भी अच्छे काम करने के पहले परेशानियों का सामना तो करना पड़ेगा। लाइनों का पुराव इसलिए नहीं हो रहा कि पहले पाइप लाइन की टेस्टिंग होगी। इसके बाद पुराई और कांक्रीट की जाएगी। सितंबर तक पूरा काम कर लिया जाएगा। ठेकेदार को ऐसा निर्देश दे चुके हैं। ग्रामीण शराफत टेलर, शंकर, धर्मेंद्र अहिरवार, जहीर खान, तारिक खान ने जल्द से जल्द काम पूरा करवाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button