कृषिपर्यावरणमध्य प्रदेश

तूफान पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक, दिलाया हरसंभव मदद का भरोसा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया

उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में आए तेज हवा-तूफान ने ग्रामीण इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है । कई गांवों में कच्चे मकानों के छप्पर उड़ गए, पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हो गए और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया । अचानक आई इस आपदा से खासकर गरीब और मजदूर वर्ग के परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।इसी बीच क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह को जैसे ही ग्राम कटारिया सहित आसपास के गांवों में नुकसान की सूचना मिली, वे तुरंत सक्रिय हो गए । विधायक ने बिना देर किए मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अमले के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया । उनके साथ पटवारी और संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।विधायक ने कटारिया गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना । उन्होंने टूटे हुए मकानों और उड़े हुए छप्परों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया । कई परिवारों ने बताया कि तूफान के कारण उनका आशियाना पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं ।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मौके पर ही पटवारी को निर्देश दिए कि तत्काल सर्वे कर नुकसान का सही आकलन किया जाए और प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर शीघ्र राहत राशि दिलाई जाए ।इस दौरान विधायक ने बिलगड़ा, सारा, कटारिया और खमतरा गांवों का भी दौरा किया । उन्होंने वहां कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों और आम ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं । ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सड़क और आवास से जुड़ी कई समस्याएं उनके सामने रखीं, जिस पर विधायक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर निराकरण के निर्देश दिए ।विधायक ने कहा कि संकट की इस घड़ी में वे क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।विधायक के इस त्वरित और संवेदनशील दौरे से ग्रामीणों में राहत और भरोसे का माहौल देखने को मिला । लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उन्हें शासन की ओर से सहायता प्राप्त होगी और वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकेंगे ।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, सिलौंडी मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button