विधायक का पोता घर से रहस्यमयी ढंग से गायब, क्षेत्र में सनसनी
एसपी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल खोज में जुटा
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । कांग्रेस पार्टी के क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र पटेल के काका स्व. गंगाप्रसाद पटेल मंझलेवीर के ज्येष्ठ पुत्र स्व. बसंत पटेल के ज्येष्ठ पुत्र योगेंद्र पटेल का 2 वर्षीय पुत्र दिव्यम पटेल रहस्यमय ढंग से आज सुबह 11 बजे अपने घर ग्राम पलोहा से गायब हो गया ।
उस समय घर पर केवल महिलाओं में योगेंद्र पटेल की पत्नी एवं 7 वर्षीय पुत्री एवं माँ तथा भाई राजू पत्नी के अतिरिक्त कोई नहीं था। दोनों भाइयों के यहां 15 नोकर काम करते हैं।
योगेंद्र पटेल एवं उनसे छोटा भाई राजू पटेल कल बुधवार को किसी काम से भोपाल गए हुए थे जो आज खबर मिलने पर लौट आए हैं इनका तीसरा सबसे छोटा भाई दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा है।
बच्चे के गायब होने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
घटनास्थल पर विधायक देवेंद्र पटेल, पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे , एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव , सिलवानी एसडीओपी अनिल मौर्य एवं बेगमगंज थाना प्रभारी राजीव उइके एवं गैरतगंज टीआई समेत भारी पुलिस बल के साथ रायसेन से आए डॉग स्क्वायड टीम खोजबीन में में जुटी हुई है।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्चा सुबह 11 बजकर 2 मिनट तक घर के आंगन में पीछे सेब खाता दिख रहा है। उसके बाद फिर वो कहीं भी नजर नही आया जबकि सभी सीसीटीवी कैमरे चैक किए गए है लेकिन उसके आने जाने या ले जाने का सीसी फुटेज नहीं है। मुख्य गेट पर भी सीसीटीवी कैमरा लगा है लेकिन उससे भी कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस डॉग घर के पीछे से करीब दो किमी दूर बसिया ढाबे तक गया और वहीं रुक गया। इसके बाद वह आगे नहीं बढ़ा। चारों तरफ पुलिस बल खोजबीन में जुटा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे ने परिवार के सदस्यों समेत उनके सभी नोकरों से कड़ी पूंछतांछ कर रहे है।
अपहरण की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है या फिर कोई अनहोनी हो सकती है।सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।



