मध्य प्रदेश

आईटीआई ढीमरखेड़ा में विधायक का औचक निरीक्षण, भवन निर्माण और विकास कार्यों का किया वादा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने शासकीय आईटीआई ढीमरखेड़ा (उमरियापान) का औचक निरीक्षण कर संस्थान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईटीआई भवन के शीघ्र निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, संचालित ट्रेडों, उपलब्ध संसाधनों एवं संस्थान की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। प्राचार्य अनिल तिवारी ने उन्हें प्रवेश प्रक्रिया, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा संस्थान की भविष्य की विकास योजनाओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया ।
प्रवेश सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने आईटीआई में सबसे पहले प्रवेश लेने वाली प्रशिक्षार्थी आरती को प्रवेश रसीद प्रदान कर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को आईटीआई से जुड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।
विधायक ने विकासखंड स्तर पर आईटीआई की प्रवेश प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक छात्र-छात्राएँ तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें ।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, प्रदीप चौरसिया, वैभव चौरसिया, दिनेश दुबे, दिनेश असाटी, अखिलेश नामदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं संस्थान का स्टाफ उपस्थित रहा।

Related Articles

Back to top button