एमएसडब्ल्यू-बीएसडब्ल्यू सत्र प्रारंभ उत्सव आयोजित, विद्यार्थियों को सामाजिक नेतृत्व का दिया संदेश

सिलवानी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड सिलवानी द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के एमएसडब्ल्यू (मास्टर ऑफ सोशल वर्क) एवं बीएसडब्ल्यू (बैचलर ऑफ सोशल वर्क) पाठ्यक्रमों का सत्रप्रारंभ उत्सव रविवार को शासकीय महाविद्यालय सिलवानी में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समाज सेवा, नेतृत्व क्षमता एवं ग्राम विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप कुशवाहा पार्षद, गोविंद नामदेव तथा विजय सोनी रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अतिथियों के स्वागत के पश्चात विकासखंड समन्वयक वीरेन्द्र यादव ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को सत्रप्रारंभ कार्यक्रम की रूपरेखा एवं पाठ्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पाठ्यक्रम मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के माध्यम से महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट (सतना) से संबद्ध है तथा इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
इस अवसर पर गोविंद नामदेव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से ग्राम स्तर पर सकारात्मक नेतृत्व प्रदान करने तथा गरीब एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
विजय सोनी ने कहा कि यह पाठ्यक्रम केवल शैक्षणिक अध्ययन तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को अपने प्रयोगशाला ग्राम में सामाजिक विषयों पर कार्य करने और पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने का अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने का आग्रह किया।
प्रदीप कुशवाहा ने कहा कि इस पाठ्यक्रम से विद्यार्थियों में नेतृत्वकर्ता के गुण विकसित होते हैं। इसके माध्यम से छात्र ग्राम की समस्याओं की पहचान कर ग्रामीणों के सहयोग से उनके समाधान की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाना सीखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति एवं स्वैच्छिकता की शपथ ली। साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया।



