मक्के के खेत में मिला नवजात, स्वस्थ, मेडिकल कॉलेज रेफर
सुल्तानगंज । झाड़ियों के बीच जिंदगी और मौत से जूझ रहे एक नवजात की शुक्रवार शाम डायल-112 की टीम ने जान बचा ली। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खामखेड़ा में ग्रामीणों ने झाड़ियों में रोने की आवाज सुनी तो वहां पहुंचे।नवजात को झाड़ियों में पड़ा देख उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की एफआरवी आरएसएन- 27 मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मियों ने स्थानीय आया-दाई की मदद से नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल नवजात सुरक्षित है।डायल-112 को शाम 4:09 बजे सूचना मिली थी कि खामखेड़ा में झाड़ियों में एक नवजात बच्चा पड़ा है और वह जीवित है। सूचना मिलते ही एएसआई अमृत लाल मालवी, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार और पायलट सुजान विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। टीम ने नवजात को झाड़ियों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉ संजय मीणा ने नवजात का प्राथमिक किया। नवजात का वजन लगभग एक किलो दो सौ ग्राम बताया जा रहा है। नवजात स्वस्थ है। प्राथमिक उपचार के बच्चे को 108 एंबुलेंस से सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया।घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार देवेन्द्र शुक्ला मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को झाड़ियों में किसने छोड़ा।यदि कोई किसी मजबूरी में बच्चे का पालन-पोषण नहीं कर सकता, तो उसे अस्पतालों और शिशु गृहों में लगे पालने में सुरक्षित और गुप्त रूप से सौंपा जा सकता है।



