MP Crime : लोन दिलाने के नाम पर 16 महिलाओं से की थी 51 हज़ार की ठगी, पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
रिपोर्टर : नसीम अली
रायसेन । आजकल ठग भी फर्जीवाड़े करने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला रायसेन जिले के सांची थाना अंतर्गत सामने आया है। जहां पर ठग ने भोली भाली 16 गरीब महिलाओं को लोन दिलाने के झांसे में लेकर ठग लिया। इन सभी महिलाओं को साठ साठ हजार रुपए का लोन दिलाने का झांसा ठग द्वारा दिलाया गया था। इन सभी महिलाओं से बीमा और फीस के नाम पर 3200-3200 रुपए लिए जो 51200 रुपए हो गए सभी से रुपए लेकर बैंक के बाहर बैठाकर फरार हो गया। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार थाने में आवेदन क्रमांक 226/22 जो दो दिसंबर को जाँच हेतु प्राप्त हुआ था। जांच के दौरान अनीता अहिरवार, रामकली प्रजापति, रामबती अहिरवार, कमलेश सेन, लक्ष्मी बाई पाल, सुनीता बाई, हुकुम बाई, क्रांति बाई अहिरवार, प्रेम बाई अहिरवार के कथन लिए गए। जिन्होने अपने कथनों में बताया कि दिनांक 28 नवंबर को हुकुम बाई के पास राजकुमार नाम का व्यक्ति आया था। और उसने हुकुम बाई को बताया कि मैं माईक्रो फाइनेंस कंपनी का समूह चलाता हूं और आपके मोहल्ले में भी समूह चलाना चाहता है। रायसेन का रहने वाला हूं। तब हुकुम बाई ने मोहल्ले की महिलाएं अनीता अहिरवार, ज्योति अहिरवार, वर्षा अहिरवार, प्रेमबाई अहिरवार, क्रांतिबाई अहिरवार, लक्ष्मीबाई पाल, सुनीताबाई अहिरवार, सीताबाई अहिरवार, राजबाई बिहार, कुसुमबाई लोधी, कमलेश सेन, रामबती अहिरवार, रामकली प्रजापति, फूलबाई अहिरवार, उर्मिलाबाई मोगिया को इकट्ठा किया। तब राजकुमार अहिरवार ने सभी महिलाओं की दो दिन हुकुमबाई के घर पर ही मीटिंग ली। और मीटिंग मे बताया कि मैं तुम्हे 60,000- 60,000 हजार रुपए लोन दिलाऊंगा। जिसकी हर महीने कि किस्त 2820/- रुपए आएगी। और दो साल तक किस्त देनी पड़ेगी जिसका ब्याज पांच हजार रुपए अलग से होगा। और प्रत्येक महिला के लोन का बीमा, फीस के 3200-3200 रुपए पहले देना होगा। हम सभी लोग विश्वास में आ गए। और तीस नवंबर को राजकुमार ने हम सभी महिलाओं को पंजाब नेशनल बैंक सांची के पास बुलाया और हम सभी 16 महिलाओं से राजकुमार ने 3200-3200 रुपए लेकर इकठ्ठे किए और हुकुम बाई से गिनवाये जो कुल 51,200 रुपए एवं हम सभी के आधार कार्ड और फोटो राजकुमार ने ले लिए। और राजकुमार बोला कि आप लोग सब यही बाहर बैठो मैं बैंक में खाता खुलवाकर आता हूं। इसके बाद तुम सभी के खाते में साठ साठ हजार रुपए आ जाएगें। हम लोग बाहर ही बैठे रहे राजकुमार खाता खुलवाने के लिये बैंक के अंदर चला गया। फिर थोडी देर बाद बाहर आकर बोला कि अभी खाता खुलने की प्रक्रिया चल रही है मैं अभी आता हूं। और उसके बाद वह लौट कर नही आया। सभी महिलाएं काफी देर तक उसका इंतजार करती रही। लेकिन ठग का कहीं कोई पता नही चला। पुलिस ने भादवि में 420 का मामला दर्जकर विवेचना में लिया है।
अटारी खेजड़ा विदिशा में चाय पी रहा था ठगी का आरोपी पुलिस ने किया गिरफ्तार– पुलिस जांच में सामने आया कि 16 महिलाओं से ठगी करने वाला आरोपी राजकुमार अहिरवार पुत्र गणेशराम अहिरवार उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम इंदरवास थाना ग्यारसपुर जिला विदिशा। पुलिस ने उसके घर इंदरवास पहुंची लेकिन घर पर ताला डला हुआ था। लेकिन गांव में जानकारी मिली कि वह अपनी सफेद अल्टो कार एमपी MP04 EE 1840 से भोपाल जाने के लिए निकला है। उसकी तलाश करते हुए सांची पुलिस अटारी खेजड़ा पहुंची तो कार भंडारी चाय की दुकान पर खड़ी मिल गई। जिसमें आरोपी राजकुमार भी बैठा था। उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया उसने पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी अमर सिंह निगम, एएसआई राजू यादव, एएसआई रमेश जालवन, एएसआई राजेश बडगूजर, आरक्षक गगन शर्मा, आरक्षक शिवराज रघुवंशी, नरेन्द्र रघुवंशी, शैलेन्द्र सोलंकी, संजीव ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।



