भागवत कथा के श्रवण से ही मिल जाती पापों से मुक्ति : पं. सुभाष चैतन्य महाराज

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भाव विभोर हुए श्रद्धालु
श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन पं. सुभाष चैतन्य जी महाराज ने वामन अवतार की कथा सुनाई । इस दौरान भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर, सिहोरा। सिहोरा उप नगर खितौला में स्थित श्री भूत नाथ मंदिर में चल रहे श्री नृसिंह महिला रामायण मण्डल खितौला बस्ती द्वारा आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में पूज्य गुरुदेव सुभाष चैतन्य महाराज ने वामन अवतार का प्रसंग सुनाया। राजा अम्बरीष और दानवीर राक्षसराज बलि की भी कथा सुनाई। इस दौरान भगवान के वामन अवतार का प्रत्यक्ष दर्शन उपस्थित लोगों को हुआ। भगवान के वामन अवतार के रूप में बाल स्वरूप में मनमोहक छवि वाले बालक को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। भागवत कथा श्रवण मात्र से पाप से मुक्ति मिलती। कहा जिस स्थान पर कथा होती है वहां भगवान विराजमान होते हैं । भगवन नाम के जाप से सारे विपत्ति नाश हो जाते हैं। इस जगत में भगवत कृपा के बिना कुछ भी संभव नहीं है। मनुष्य को समाज में अच्छे काम करना चाहिए ।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भक्तजन नाचते गाते नजर आए-
संगीतमय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में चौथे दिन विगत गुरुवार को कर्मयोगी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े आनंद और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कृष्ण जन्म के पूर्व एक चल समारोह खितौला के बरा मोहल्ला से बैंड बाजों एवं आतिशबाजी के साथ मंदिर परिसर तक निकाला गया। जिसमें एक सुंदर टोकरे में कृष्ण के रूप में नन्हें बालक एवं नंद बाबा के रूप में भक्तगण थे । भगवान कृष्ण का रूप नन्हें बालक धारण कर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस मौके नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की.. जैसे बधाई गीतों पर पूरा पंडाल पीला वस्त्र में भक्त जन नाचते गाते नजर आए। कंस के कारागार में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ । इस अवसर पर श्री नृसिंह महिला रामायण मण्डल एवं क्षेत्र के समस्त भक्तगणों ने शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।


