मध्य प्रदेश

अनूपपुर जिले के पटवारियों के समर्थन में 25-26 को पटवारी रहेंगे सामूहिक अवकाश पर

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । अनूपपुर जिले में पटवारियों पर कथित प्रशासनिक हठधर्मिता, अन्यायपूर्ण रवैये एवं अनैतिक कार्यवाही के विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन का आह्वान किया गया है। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय आह्वान के समर्थन में मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला शाखा अनूपपुर द्वारा किए जा रहे आंदोलन के तहत प्रदेश के सभी पटवारी 25 एवं 26 तारीख को दो दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
इसी क्रम में तहसील ढीमरखेड़ा, जिला कटनी के समस्त पटवारियों ने भी समर्थन देते हुए 25 एवं 26 को आकस्मिक अवकाश पर रहने का निर्णय लिया है। इस दौरान समस्त पटवारी मुख्यालय पर अनुपलब्ध रहेंगे।
पटवारियों ने तहसीलदार , तहसील ढीमरखेड़ा को ज्ञापन प्रस्तुत कर दो दिवसीय सामूहिक अवकाश एवं मुख्यालय छोड़ने की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है।
जिला अध्यक्ष दादूराम पटेल, कार्यकारी जिलाध्यक्ष मदन मोहन राय, अशोक सिंह बागरी, सचिव प्रमोद दीक्षित एवं तहसील अध्यक्ष महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से बताया कि यह कदम प्रशासन की कथित हठधर्मिता एवं अन्यायपूर्ण कार्यवाहियों के विरोध में उठाया गया है । उन्होंने कहा कि जब तक समस्याओं का निराकरण नहीं होता, आंदोलनात्मक रणनीति जारी रहेगी।
पटवारियों ने शासन-प्रशासन से सकारात्मक पहल करते हुए संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान की मांग की है।

Related Articles

Back to top button