मध्य प्रदेश

आधी रात दर्दनाक सड़क हादसा: आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर, एक की हालत नाजुक

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मंगलवार देर रात करीब 11 बजे उमरियापान क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया । आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मडे़ंरा निवासी रितेश सिंह और महनेर कॉलोनी निवासी गोलू चौधरी मोटरसाइकिल से उमरियापान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिहोरा की दिशा से आ रही एक फोर व्हीलर क्रमांक MP 21 ZC 1165 से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मलबा सड़क पर बिखर गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तत्काल उमरियापान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया ।
प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई। एक घायल की स्थिति अत्यंत नाजुक है और उसका पैर टूटने की पुष्टि हुई है। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए दोनों घायलों को जबलपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण मान रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Related Articles

Back to top button