जबेरा बस स्टैंड पर गंदगी का अंबार, आमजन परेशान, निरीक्षण के बाद भी नहीं हुई सफाई

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा (दमोह)। जनपद पंचायत जबेरा के बस स्टैंड पर फैली गंदगी ने यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बस स्टैंड परिसर में बने सार्वजनिक मूत्रालय और शौचालय से उठ रही तीव्र बदबू के कारण लोगों का वहां बैठना तक मुश्किल हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यहां रोजाना सैकड़ों यात्री आते-जाते हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था न होने से पूरा परिसर गंदगी से पटा हुआ है। यात्रियों के साथ-साथ आसपास के दुकानदार भी इस स्थिति से खासे परेशान हैं।गुरुवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार सोनम पांडे को बस स्टैंड का निरीक्षण कराया था। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने आश्वासन दिया था कि 4 दिनों के भीतर साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी। हालांकि, अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।बताया जा रहा है कि बस स्टैंड परिसर में जनपद पंचायत जबेरा की करीब 22 दुकानें संचालित हैं, जिनसे हर महीने लगभग 22 हजार रुपए का राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जो व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि यात्रियों और व्यापारियों को राहत मिल सके।



