सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं को थाना प्रभारी ने दी महिला एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी

सिलवानी। पुलिस थाना सिलवानी में आज किशोरी जागरूकता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी पुनम सविता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए छात्राओं को पढ़ाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए और किसी भी प्रकार के अनावश्यक लालच या प्रलोभन में नहीं आना चाहिए।
कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के बारे में भी जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आजकल अधिकांश अपराध मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से हो रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए करें और अनावश्यक उपयोग से बचें।
साथ ही छात्राओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग से संपर्क करें।
थाना प्रभारी ने सभी छात्राओं से अपील की कि वे अपने घर और परिवार के सदस्यों को भी सुरक्षा से संबंधित जानकारी अवश्य दें, ताकि समाज में सभी सुरक्षित और सजग रहें।



