अनंत अंबानी की शादी में प्रवीण श्रीवास्तव की बांसुरी ने मचाई धूम

कायस्थ समाज ने बांसुरी निर्माता प्रवीण श्रीवास्तव का सम्मान किया
रायसेन । प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत का विवाह समारोह पूरे देश और दुनिया में चर्चा का विषय बना रहा। कई बड़े कलाकारों को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें बेंगलुरु के प्रसिद्ध बांसुरी वादक अश्विन श्रीनिवासन भी अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। श्रीनिवासन की टीम के प्रमुख बांसुरी वादक छिंदवाड़ा निवासी दिव्यांश श्रीवास्तव ने संगत कर सुरों का रंग बिखेरा।
खास बात यह रही कि दिव्यांश ने मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के निवासी प्रवीण श्रीवास्तव की बनाई बांसुरी के जरिए सुरों की मिठास बिखेरी थी। उनकी इस उपलब्धि पर जिला कायस्थ महासभा की ओर से शुक्रवार रात को श्री चित्रगुप्त मंदिर में कार्यक्रम में आयोजित कर बांसुरी वादक और निर्माता प्रवीण श्रीवास्तव का सम्मान किया। आयोजित कार्यक्रम में श्रीवास्तव को शॉल श्रीफल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बता दें प्रवीण श्रीवास्तव की बनाई बांसुरी देश के विभिन्न प्रदेशों सहित विदेशों में जा रही है। नगर कायस्थ समाज ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए श्रीवास्तव का सम्मान किया। मंदिर में भगवान चित्रगुप्त की आरती और पूजा अर्चना भी की गई।



