मध्य प्रदेश

युवाओं की एकजुटता से ही मजबूत होगा रघुवंशी समाज : रंजीत रघुवंशी

अखिल भारतीय अखंड क्षत्रिय रघुवंशी समाज की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न
सिलवानी। अखिल भारतीय अखंड क्षत्रिय रघुवंशी समाज की जिला स्तरीय बैठक रविवार को सिलवानी बरेली मार्ग स्थित रघुनंदन पैलेस गार्डन में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज को संगठित करने, युवाओं को नेतृत्व से जोड़ने तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर गहन मंथन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ समाजसेवी महेश पटेल (मुआर) ने की, जबकि रघुवंशी समाज के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत रघुवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंच संचालन अजय पटेल ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत रघुवंशी ने वीरेंद्र रघुवंशी मदनपुर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष उदयपुरा केशव रघुवंशी आदि ने कहा कि समाज की पहचान उसके पूर्वजों और संस्कारों से होती है। आज आवश्यकता है कि समाज की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े समाजजन तक संगठन की पहुंच बनाई जाए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आगे आएं और शिक्षा, रोजगार व सामाजिक न्याय के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि समाज संख्या में बड़ा है, लेकिन संगठित न होने के कारण अपेक्षित प्रगति नहीं कर पा रहा है। रोहित रघुवंशी (बरेली) ने कहा कि समाज में परिवर्तन के लिए त्याग, समर्पण और आपसी मतभेदों को त्यागना होगा। पुष्पेंद्र रघुवंशी (पिपरिया) ने युवाओं को समाज की दिशा और दशा बदलने वाली शक्ति बताया। अंकित रघुवंशी वीकलपुर, दीपक रघुवंशी रमखिरिया, शैलेंद्र रघुवंशी हमीरपुर, देवेंद्र रघुवंशी सिमरिया कला और योगेंद्र रघुवंशी (भोपाल) ने संगठन की मजबूती, युवाओं के मार्गदर्शन और सामाजिक एकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक दोनों क्षेत्रों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज सशक्त बन सकता है।
बैठक के अंत में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। सभी पदाधिकारियों और समाजजनों ने एकजुट होकर समाज को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सतेंद्र रघुवंशी, ब्लॉक अध्यक्ष राजीव रघुवंशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजकुमार रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button