मध्य प्रदेशराजनीति

विधानसभा में गूंजा सांची का मुद्दा: विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने अमृत सरोवर और खेल स्टेडियम पर घेरा

रिपोर्टर: मसूद पटेल
​रायसेन। मध्यप्रदेश विधानसभा के सत्र के दौरान सांची विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का मुद्दा जोर-शोर से उठा। सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने क्षेत्र में चल रहे ‘अमृत सरोवर’ तालाबों के निर्माण और ‘खेल स्टेडियम’ की वर्तमान स्थिति को लेकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री से तीखे सवाल किए।
अमृत सरोवर: 16 स्वीकृत, 11 अब भी अधूरे
​विधायक डॉ. चौधरी ने मनरेगा योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में स्वीकृत अमृत सरोवरों की जानकारी मांगी। इसके जवाब में पंचायत मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटैल ने बताया कि ​सांची विधानसभा क्षेत्र में 1 जनवरी 2023 से अब तक कुल 16 अमृत सरोवर स्वीकृत किए गए हैं। ​इन तालाबों के निर्माण के लिए ₹290.46 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। ​वर्तमान स्थिति यह है कि केवल 05 अमृत सरोवर ही पूर्ण हो पाए हैं, जिनका उपयोग समुदाय द्वारा किया जा रहा है, ​शेष 11 तालाब अभी भी अपूर्ण हैं। मंत्री ने इसका कारण बताते हुए कहा कि मनरेगा एक मांग आधारित योजना है और श्रमिकों द्वारा रोजगार की मांग के आधार पर ही कार्य पूर्ण किया जाता है।
खेल स्टेडियम: सांची में 2021 से कार्य पूर्ण
​खेल सुविधाओं पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सरकार ने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा प्रत्येक विधानसभा में अनिवार्य रूप से एक खेल स्टेडियम का निर्माण नहीं किया गया है। हालांकि, सांची विधानसभा की स्थिति स्पष्ट करते हुए मंत्री ने बताया कि ​सांची विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खेल मैदान का निर्माण कार्य 7 जुलाई 2021 को ही पूर्ण हो चुका था। ​19 जुलाई 2021 को इस मैदान को मुख्य कार्यपालन अधिकार, जनपद पंचायत सांची को सौंप दिया गया था।

Related Articles

Back to top button