बेगमगंज सिविल अस्पताल का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । कलेक्टर रोहित सिसोनिया के निर्देशानुसार आज एसडीएम रोहित सिंह लोधी ने तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला के साथ आज शासकीय सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया सफाई व्यवस्था , पेयजल व्यवस्था का जायजा लेते हुए संतोष व्यक्त किया एवं अन्य सुविधाओं सहित सभी वार्डों में भर्ती मरीजों से रूबरू होते हुए मिलने वाले इलाज दवाइयां एवं स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार के संबंध में चर्चा करते हुए डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज के साथ दुर्व्यवहार न हो और उनका अच्छे से अच्छा इलाज किया जाए।
उन्होंने अस्पताल में साफ सफाई के साथ मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान रखा जाने के निर्देश दिए।
वही कुपोषित बच्चों के एनआरसी वार्ड में पहुंचकर माताओं से बच्चों के स्वास्थ्य के संबंध में चर्चा की और डॉक्टर से विचार विमर्श कर उन्हें मिलने वाले ट्रीटमेंट ओर पोषण आहार के संबंध में बात की।
इसके अतिरिक्त एसडीएम लोधी ने अस्पताल में पदस्थ स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के संबंध में जानकारी लेने के साथ सभी को समय सीमा में अपनी-अपनी ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला एवं डॉ. नितिन सिंह तोमर सहित अन्य डॉक्टर्स व स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे। करीब एक घण्टे तक अस्पताल के वार्डो , दवा स्टोर, ओपीडी, इमरजेंसी , एक्सरे रुम, पैथालॉजी सहित सभी डिपार्टमेंट का बारी -बारी से निरीक्षण किया।
एसडीएम रोहित लोधी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार अब अस्पताल में प्रतिदिन एक – एक अधिकारी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगा। इसके लिए 7 अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद रिपोर्ट देंगे। अब किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



