खेत बचाओ अभियान एवं पराली प्रबंधन को लेकर किसानों को किया जागरूक

सिलवानी। तहसील के ग्राम हतनापुर-देवरी में खेत बचाओ अभियान एवं पराली प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं पूर्व मंत्री रामपाल सिंह सहित कृषि विभाग के एसडीओ सुनील मालवीय तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने किसानों को पराली प्रबंधन के महत्व और इसके उचित उपयोग के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान किसानों को बताया गया कि फसल कटाई के बाद खेतों में बची पराली को जलाने के बजाय उसका उचित प्रबंधन करना चाहिए। पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और पर्यावरण प्रदूषित होता है। इसके स्थान पर पराली का उपयोग पशु चारे, जैविक खाद एवं अन्य कृषि उपयोगों में किया जा सकता है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, कृषि अपशिष्ट का सदुपयोग करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पराली का उचित प्रबंधन करने से खेतों की उर्वरा शक्ति को सुरक्षित रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।



