मध्य प्रदेश

युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, नीम के पेड़ पर मिला शव, सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों से उलझा मामला

परिजनों ने 6 लोगो पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का लगाया आरोप, पुलिस ने शिकायत और कथित सुसाइड नोट के आधार पर आरोपितों को अभिरक्षा में लेकर शुरू की पूछताछ
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना अंतर्गत ग्राम बारगाँव में बुधवार को एक युवक का शव खेत में लगे नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई । मृतक की पहचान सोहबत चक्रवर्ती के रूप में हुई है । घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए छह लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने परिजनों की शिकायत और घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट के आधार पर नामजद लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है । मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 7 बजे सोहबत चक्रवर्ती का शव उनके खेत में स्थित नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उमरियापान अस्पताल भेज दिया ।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है । परिजनों का दावा है कि उसमें जगदीश, जगन्नाथ, बैजनाथ, रामनाथ, गीता बाई और शरला बाई के नाम लिखे हैं तथा मृतक ने उनसे जान का खतरा होने का उल्लेख किया है । हालांकि पुलिस इस नोट की भी जांच कर रही है ।
मृतक के पुत्र शिवशंहाय चक्रवर्ती ने बताया कि आरोपित पक्ष के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था । उनका कहना है कि न्यायालय का फैसला उनके परिवार के पक्ष में आया था, लेकिन इसके बावजूद विवादित भूमि पर दोबारा धान की बुवाई कर दी गई । विरोध करने पर उनके पिता के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी । परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया ।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद उमरियापान के आजाद चौक पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया । प्रदर्शनकारियों ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की । सूचना पर थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया । इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और शव को अंतिम संस्कार के लिए बारगाँव भेज दिया गया ।
एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों की शिकायत और घटनास्थल से मिले कथित सुसाइड नोट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है । उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button