मध्य प्रदेश

जिले में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 76.94 प्रतिशत और हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में 82.35 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण

प्रदेश की हाईस्कूल मेरिट सूची में जिले के चार विद्यार्थियों और हायर सेकेण्डरी मेरिट सूची एक विद्यार्थी ने प्राप्त किया स्थान
कलेक्टर विश्वकर्मा की सतत् मॉनीटरिंग और बच्चों के कड़े परिश्रम से परीक्षा परिणाम में हुई वृद्धि

रायसेन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आज मुख्यमंत्री निवास भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश के हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। रायसेन जिले का वर्ष 2025-26 हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 76.94 प्रतिशत रहा है जो कि गत वर्ष के परीक्षा परिणाम 71.61 प्रतिशत से 5.33 प्रतिशत अधिक है। इसी प्रकार जिले का वर्ष 2025-26 का हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा परिणाम 82.35 प्रतिशत रहा है जो कि गत वर्ष के परीक्षा परिणाम 74.24 प्रतिश से 8.11 प्रतिशत अधिक है। कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में गत वर्ष की अपेक्षा वृद्धि हुई है। यह बच्चों के कड़े परिश्रम और शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में बोर्ड परीक्षाओं के परीक्षा परिणाम में वृद्धि हेतु विशेष प्रयास किए गए। बोर्ड परीक्षाओं में परीक्षा परिणाम में वृद्धि हेतु शासकीय स्कूलवार कार्ययोजना बनाते हुए कार्य किया। कलेक्टर विश्वकर्मा द्वारा स्वयं इसकी नियमित मॉनीटरिंग की गई तथा अनेक स्कूलों का भ्रमण किया गया। साथ ही प्राचार्यो और शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए गए। जिसके सकारात्मक परिणाम परिलक्षित हुए हैं।
प्रदेश की हाईस्कूल की मेरिट सूची में जिले के चार विद्यार्थी शामिल
रायसेन जिले का वर्ष 2025-26 हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 76.94 प्रतिशत रहा है जो कि गत वर्ष के परीक्षा परिणाम 71.61 प्रतिशत से 5.33 प्रतिशत अधिक है। मध्यप्रदेश की हाईस्कूल परीक्षा परिणाम की मेरिट सूची में रायसेन जिले के चार विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया है। इनमें अशासकीय सिम्पल आरके एज्यूकेशन हायर सेकेण्डरी स्कूल बरेली के छात्र अक्षत धाकड़ आ0 प्रदीप धाकड़ ने 494 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में छठवां स्थान प्राप्त किया है। अभिनव गरिमा विद्या निकेतन उमावि स्कूल देवरी की छात्रा कु. सिद्धि चौरसिया ने 491 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट लिस्ट में नौवा स्थान प्राप्त किया है। इसी प्रकार अशासकीय दीप विद्या निकेतन उ.मा.विद्यालय मण्डीदीप के छात्र शिव रघुवंशी पिता प्रकाश रघुवंशी ने 491 अंक प्राप्त कर और शासकीय हाईस्कूल नरवर की छात्रा कु. पूर्णिमा बघेल ने 491 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में नौवा स्थान प्राप्त किया है।
प्रदेश की हायर सेकेण्डरी की मेरिट सूची में छात्र सोनू राठौर को मिला स्थान
इसी प्रकार जिले का वर्ष 2025-26 का हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा परिणाम 82.35 प्रतिशत रहा है जो कि गत वर्ष के परीक्षा परिणाम 74.24 प्रतिश से 8.11 प्रतिशत अधिक है। मध्यप्रदेश की हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा परिणाम की मेरिट सूची में रायसेन जिले से एक विद्यार्थी, सीएल आर्य साईंस उमा विद्यालय मण्डीदीप के छात्र सोनू राठौर आ0 संतोष कुमार राठौर ने वाणिज्य समूह में 484 अंक प्राप्त कर सातवां स्थान प्राप्त किया है।

Related Articles

Back to top button