मध्य प्रदेश

सड़क पर खड़े वाहनों से सिलौंडी में यातायात प्रभावित, दुर्घटना का खतरा बढ़ा

रिपोर्टर: सतीश चौरसिया

उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील के सिलौंडी कस्बे में मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से वाहनों की पार्किंग और बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सड़क पर ही वाहन खड़े कर दिए जाने से जहां आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।बताया जा रहा है कि कई दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला लेते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बीरिया से बस स्टैंड तक के मुख्य मार्ग पर दोनों ओर फुटपाथ पर लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है, जिससे पैदल चलने की जगह लगभग खत्म हो गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की उदासीनता के चलते सड़क किनारे की सरकारी भूमि पर पक्के निर्माण भी किए जा रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। सड़क पर चलने वाले लोगों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौकी प्रभारीकी लापरवाही के चलते साप्ताहिक बाजार के दिन सिलौंडी बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति और बिगड़ जाती है। सड़क पर ही घंटों तक वाहन खड़े रहने से बार-बार जाम की स्थिति बनती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।वहीं, मां बीरासन धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी अस्थायी पार्किंग बनाकर दिनभर वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं और अन्य राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्राम के जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाकर सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button