सीएम राइज स्कूल में छात्र ने कट्टे से हवाई फायर किया, गोली चलने की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मची
कट्टा और खाली खोके बरामद
बेगमगंज । शुक्रवार को रायसेन जिले के बेगमगंज स्थित सीएम राइज सांदीपनी स्कूल में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने शाम करीब 5 बजे देसी कट्टे से हवाई फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तुरंत स्थिति को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, छात्र रील बनाने के उद्देश्य से अवैध देशी कट्टा लेकर स्कूल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसने हवाई फायर करते हुए इसका वीडियो भी शूट किया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को हिरासत में ले लिया। उसके पास से अवैध देशी कट्टा और कारतूस के खाली खोके बरामद किए गए।
छात्र के खिलाफ बेगमगंज पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र के पास यह हथियार कहां से और कैसे पहुंचा ? प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह घटना रील बनाने के जुनून में की गई थी।
हालांकि, पुलिस यह भी जांच रही है कि कहीं इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है। हथियार की आपूर्ति और संभावित सहयोगियों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है।
एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि छात्र को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।



