ढीमरखेड़ा में विधायक का औचक निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार के दिए सख्त निर्देश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । अनुविभागीय राजस्व नवीन भवन ढीमरखेड़ा में बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा गुरुवार को किए गए औचक निरीक्षण से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में मजबूत संदेश गया है। निरीक्षण के दौरान भवन में लगाए गए कुछ विद्युत उपकरण मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिस पर विधायक ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि शासकीय भवनों के निर्माण और साज-सज्जा में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी डुप्लीकेट अथवा निम्न गुणवत्ता वाले विद्युत उपकरणों को शीघ्र बदलवाया जाए तथा निर्माण एवं विद्युत कार्यों की विस्तृत जांच कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम निधि गोहल, तहसीलदार नितिन पटेल, आकांक्षा चौरसिया, योगेन्द्र सिंह (दादा ठाकुर) एवं सुलभ त्रिपाठी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि आवश्यक सुधार कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर लिए जाएंगे।
इस औचक निरीक्षण को स्थानीय नागरिकों ने सकारात्मक पहल के रूप में देखा है। लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्यवाही से न केवल सरकारी कार्यों में गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि भ्रष्टाचार और लापरवाही पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा। विधायक की सक्रियता से राजस्व विभाग में कार्यसंस्कृति को लेकर नई ऊर्जा और जवाबदेही का माहौल बना है।



