क्राइम

आदिवासी महिलाओं और बच्चों के धर्मांतरण का प्रयास, 3 गिरफ्तार

ईसाई मिशनरी के खिलाफ शिकायत पर आदिवासी टोला पर पहुंची पुलिस की टीम
ब्यूरो चीफ संजय द्विवेदी
रायसेन । जिले में शनिवार को धर्मांतरण का एक मामला सामने आया है। जिसमें कुछ लोगों द्वारा भील आदिवासी समूह की महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पैसों का लालच देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। इसकी सूचना जब हिंदू संगठनों को मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी, इसके बाद पुलिस ने धर्मांतरण करने वाले तीन मिशनरियों को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मांतरण करने वाले गिरोह के पास से धर्मांतरण से जुड़ी हुई कई चीजें बरामद हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। आदिवासी अंचल में धर्मांतरण कराने के लिए कई लोग सक्रिय हैं। बीते साल ग्राम चिलवाहा के पास भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। सुल्तानपुर थाना अंतर्गत खेड़ी में भी धर्मांतरण से जुड़ी हुई एफआईआर बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो द्वारा दर्ज कराई गई थी। गोहरगंज और मंडीदीप क्षेत्र में भी धर्मांतरण से जुड़ी हुई शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
ताजा मामला देवनगर थाना अंतर्गत आने वाली नकतरा चौकी के ग्राम घेटाकछार के पास भील आदिवासियों के टोला का है, जहां पर भोपाल से आए ईसाई मिशनरियों द्वारा महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को अंधविश्वास का बढ़ावा देते हुए स्वास्थ्य शिक्षा और पैसों का लालच देकर धर्मांतरण की ओर अग्रसर किया जा रहा था। जिसकी शिकायत एक फरियादी ने पुलिस और हिंदू संगठनों से की। शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एक महिला और दो पुरुषों को अपनी हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से इसाई धर्म से जुड़ी कई धार्मिक पुस्तकें और धर्मांतरण से जुड़े हुए दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
आदिवासी बहुल क्षेत्र में आए दिन बढ़ रहे धर्मांतरण के मामलों को देखते हुए हिंदू संगठनों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री बदी पाराशर ने कहा कि भोपाल से आकर यह वनभूमि में कब्जा करते हैं और फिर धर्मांतरण कराते हैं। जिसकी शिकायत हमने पुलिस में की है।
इस संबंध में आलोक श्रीवास्तव, एसडीओपी बेगमगंज ने बताया कि धर्मांतरण से जुड़ी शिकायत मिली थी। हमने मौके पर जाकर एक महिला सहित दो पुरुषा को अपनी हिरासत में लिया है। जिनके पास से धर्मांतरण से जुड़े हुए दस्तावेज और इसाई धर्म से जुड़ी हुई पुस्तक मिली है। एफआइआर दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button