बेगम नदी के नए पुल का मलबा बना मुसीबत, बारिश में घरों में भरता है पानी

सिलवानी। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 03-04 शिवाजी नगर में स्थित बेगम नदी के नए पुल के नीचे जमा मलबा अब स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। रहवासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
निवासियों का कहना है कि करीब 5 वर्ष पूर्व बने नए पुल के निर्माण के दौरान क्रांक्रीट एवं अन्य मलबा नदी में ही डाल दिया गया था, जिसे आज तक नहीं हटाया गया है। इसके चलते बरसात के मौसम में नदी का पानी अवरुद्ध हो जाता है और आसपास के मकानों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है। पिछले वर्षों में कई घरों में पानी भरने से लोगों की गृहस्थी का सामान भी नष्ट हो चुका है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नए पुल के साथ ही पुराने पुल का मलबा भी नदी में पड़ा हुआ है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। आगामी बारिश को देखते हुए रहवासियों में भय का माहौल है।
इस संबंध में पूर्व में 14 अक्टूबर 2025 को एसडीएम को भी लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
निवासियों ने मांग की है कि बारिश शुरू होने से पहले पुल के नीचे जमा मलबा हटाकर नदी की साफ-सफाई कराई जाए, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।



