“सुपोषित रायसेन अभियान” के तहत अतिकुपोषित बच्चों को मिली फूड किट

एलटी फाउंडेशन भविष्य का पोषण कर रहा है
सिलवानी। महिला एवं बाल विकास विभाग सिलवानी द्वारा ग्राम कुंडाली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 57 में अतिकुपोषित (SAM) श्रेणी के बच्चों के लिए विशेष फूड किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम एलटी फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत संचालित “सुपोषित रायसेन अभियान” के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जिले में कुपोषण को कम कर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरि सिंह लोधी (पिछड़ा वर्ग मोर्चा कार्य समिति सदस्य, भोपाल) उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद सदस्य प्रतिनिधि मदनगोपाल वर्मा, स्कूल प्राचार्य रघुवंशी, महिला एवं बाल विकास विभाग सिलवानी की प्रभारी अविदा बी, बम्होरी पर्यवेक्षक मानकुअर प्रजापति एवं संदीप रघुवंशी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
इस दौरान अतिकुपोषित बच्चों को पौष्टिक सामग्री से युक्त फूड किट वितरित की गई। साथ ही बच्चों के अभिभावकों को संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य ही समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है, इसलिए कुपोषण जैसी गंभीर समस्या से सामूहिक प्रयासों से निपटना जरूरी है।
मुख्य अतिथि हरि सिंह लोधी ने एलटी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के स्वास्थ्य सुधार में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के खानपान, टीकाकरण और नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को मुरमुरे के पैकेट भी वितरित किए गए, जिससे उनमें खासा उत्साह देखने को मिला। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार कुपोषण मुक्त अभियान चलाकर जरूरतमंद बच्चों तक पोषण सामग्री और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।



