मुंह के बल गिरे टमाटर के भाव, लागत भी नहीं निकल पा रही है

टमाटर की कीमत में 40 से 50 फीसदी की गिरावट आई है
सिलवानी। थोक सब्जी मंडी में टमाटर की कीमत गिर गई है। करीब डेढ़ माह पहले इसका थोक मूल्य करीब 900 से 1000 रुपये प्रति कैरेट (25 किलो) था। वहीं अब यह गिरकर 140 से 160 रुपये प्रति कैरेट पर आ गया है। ऐसे में देखा जाए तो इतने समय में टमाटर की कीमत में 40 से 50 फीसदी की गिरावट आई है। गिरावट का मुख्य कारण बाजार में टमाटर की नई फसल का आना है। नई फसल आने से टमाटर की आवक बढ़ गई है और टमाटर के लेवाल नहीं है। जिससे इसकी कीमत में गिरावट आई है। इस गिरावट की मार सबसे ज्यादा किसानों पर पड़ रही है। किसानों को टमाटर की लागत तक निकालना मुश्किल हो रहा है।
*आवक बढ़ी*
इस समय आसपास के कई गांव से टमाटर मंडी में आ रहा है। जिस रफ्तार से आवक बढ़ी है, उस रफ्तार से इसकी बिक्री नहीं हो रही है। ऐसे में टमाटर के दाम गिर गए हैं। थोक सब्जी मंडी में इसकी गिरावट का असर स्थानीय मार्केट में भी दिखाई दे रहा है। करीब एक महीने पहले 70 से 80 रुपए किलो बिकने वाला टमाटर अब 10 रुपए किलो बिक रहा है।
*किसानों पर दोहरी मार*
सब्जी विक्रेता संदीप शेजवार ने बताया कि टमाटर की कीमत गिरने से किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। अब उगाई फसल की उन्हें सही कीमत नहीं मिल रही है। किसानों के मुताबिक लेवाली नहीं है। जिससे कारण वह इसकी खरीदारी नहीं कर रहे हैं। खरीदारी न होने से किसानों को इसे कम कीमत पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।



