क्राइम

पूर्व सरपंच और पंचायत सचिव को जेल, सरकारी राशि में भारी भ्रष्टाचार का आरोप

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी

विदिशा। एमपी के विदिशा जिले में सरकारी राशि गबन मामले में ग्राम पंचायत सचिव और पूर्व सरपंच को जेल भेज दिया गया है।
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत में लापरवाही, अनियमिताएं और फर्जी काम को लेकर सचिव और पूर्व सरपंच दोनों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया था।
मामला विदिशा जिले के लटेरी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत टोंकरा का है। ग्राम पंचायत टोंकरा के पूर्व सरपंच और पंचायत सचिव को कार्य में अनियमितता एवं फर्जी कार्य के आरोप में जेल भेज दिया गया है। मामला सामने आने के बाद लगता है कि लटेरी क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में फैले भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के ऊपर कार्रवाई की उम्मीद जाग रही है। लटेरी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टोकरा के पूर्व सरपंच फूलसिंह सहरिया एवं सचिव लालसिंह राजपूत को फर्जीवाड़े के आरोप में जेल भेज दिया गया है।
जनपद पंचायत लटेरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा मुरवास थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। अब इस मामले में अन्य कई नाम और भी शामिल होने की जानकारी भी सामने आ रही है। इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल है पुलिस इसकी जांच कर रही है। अभी इस मामले में 3 लोगों के नाम और सामने आ रहे हैं। आधिकारिक रूप से उन तीन नामों की पुष्टि नहीं की जा रही है।
थाना प्रभारी योगेंद्र परमार ने बताया कि प्रकरण में सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button