धार्मिक

उमा रायसेन के सोमेश्वर धाम पहुंची, मंदिर के बाहर से पूजा की, अन्न त्यागा

उमा भारती ने रायसेन किले में स्थित सोमेश्वर धाम में गेट के बाहर से ही पूजा की।
उमा भारती ने रायसेन किले में स्थित सोमेश्वर धाम में गेट के बाहर से ही पूजा की।

रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
रायसेन ।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती 11 अप्रैल को रायसेन पहुंच चुकी हैं। उन्होंने 7 अप्रैल को ट्वीट कर रायसेन किले में स्थित शिवलिंग का अभिषेक करने की बात कही थी। उमा रायसेन के किले स्थित मंदिर पहुंचीं और मंदिर के बाहर ही अभिषेक किया। उमा ने मंदिर का ताला खुलवाने को कहा है। 5 पंडितों ने उमा का अभिषेक कराया। किले के पास काफी पुलिसबल तैनात है। कलेक्टर, एसपी, डीआईजी समेत बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद हैं। मंदिर के गेट पर दो ताले लगे हुए हैं।
ये बोलीं उमा
हम ताला नहीं तोड़ते। आगे बढ़ो, जोर से बोलो और राम जन्मभूमि का ताला खोलो, ये नारा था। ताला तोड़ो नारा नहीं था। ये ताला बहुत छोटा है। मेरे भी एक घूंसे से टूट जाएगा। हम मर्यादा में रहे हैं। हम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के वंशज हैं। इसलिए अयोध्या में भी यही नारा चला। राधेश्याम वशिष्ठ जी ने बहुत बड़ा आंदोलन किया। हिंदू महासभा के फलस्वरूप यहां बहुत बड़ा उत्सव हुआ। यहां ताला खुला और पूजा शुरू हुई। अब मैं चाहती हूं कि हमें बहुत जल्दी ये अवसर मिले, केंद्रीय पुरातत्व विभाग से राज्य पुरातत्व विभाग संपर्क करे और यहां के प्रशासन को यहां के तालों को खोलने का अधिकार मिले। फिलहाल ये अधिकार अभी प्रशासन के पास नहीं है। मेरा ये संताप ऐसे दूर नहीं हो सकता, इसलिए मैं आज से अन्न का त्याग कर रही हूं, जब तक ताला नहीं खुलेगा।
रिपोर्टर्स के इस सवाल पर कि कुछ वक्त के लिए ताला खुलवाना चाहती हैं या हमेशा के लिए, इस पर उमा ने कहा कि इस पर तो विचार करना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button