मध्य प्रदेश

नेगई पंचायत में सीसी सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग, सरपंच–सचिव पर मिलीभगत के आरोप

ग्रामीणों ने की जांच की मांग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत नेगई के पोषक ग्राम तिलमन में सांसद निधि से निर्मित सीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सरपंच, सचिव और संबंधित इंजीनियर की भूमिका पर संदेह जताया है।
जानकारी के अनुसार, यह सीसी सड़क श्री बागरी के घर से श्यामलाल कोल के घर तक बनाई गई है। सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क की मोटाई भी तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं रखी गई। कई स्थानों पर सीमेंट और गिट्टी का अनुपात भी संतुलित नहीं दिख रहा, जिससे सड़क जल्द ही क्षतिग्रस्त होने की आशंका है । निर्माण कार्य केवल कागजों में गुणवत्तापूर्ण दिखाया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण स्थल पर सूचना पटल तक नहीं लगाया गया है । इससे योजना की लागत, निर्माण अवधि, एजेंसी और गुणवत्ता संबंधी जानकारी सार्वजनिक नहीं हो पा रही है। शासन के नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है।
ग्रामवासियों ने बताया कि निर्माण कार्य में सरपंच, पंचायत सचिव और संबंधित इंजीनियर की मिलीभगत से अनियमितताएं की जा रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Back to top button