विधायक ने कराया मां वीरासन देवी दरबार में नया बोर

श्रद्धालुओं को जल संकट से राहत
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। सिलौड़ी क्षेत्र में गहराते जल संकट के बीच मां वीरासन देवी दरबार परिसर में नए पानी के बोर का निर्माण कराया गया है, जिससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
गर्मियों के मौसम में जहां पानी की किल्लत आम हो जाती है, वहीं धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने पहल करते हुए बोर निर्माण के लिए सहयोग प्रदान किया। उनके इस प्रयास से अब दरबार परिसर में पानी की समुचित व्यवस्था हो गई है।
सिलौड़ी मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी ने बताया कि मां वीरासन देवी दरबार में दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन पानी की कमी के कारण उन्हें असुविधा होती थी । नए बोर के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
बोर निर्माण कार्य के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच द्रोपदी बहादुर सिंह, सचिव रामचंद्र यादव, शोनू दुबे और ओमकार सोनी सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस सराहनीय पहल के लिए क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह और मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी के प्रति ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो सके और लोगों का जीवन स्तर बेहतर बन सके।



