मध्य प्रदेश

वैक्सीनेशन महाअभियान, कलेक्टर ने जिले का भ्रमण कर वैक्सीनेशन कार्य का लिया जायजा

लोगों से ली वैक्सीनेशन की जानकारी, मोबाईल में स्टेटस भी चेक किया
जिले में शाम 04.30 बजे तक 35 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई गई

रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन
रायसेन ।
कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए जिले में सतत् रूप से वैक्सीनेशन किया जा रहा है। राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी पात्र लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाए जाने के लिए प्रदेश के साथ ही जिले में भी बुधवार को पुनः वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया गया। कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे द्वारा जिले का भ्रमण कर अनेक सेंटर्स का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सेंटर्स पर वैक्सीनेशन कार्य का जायजा लिया तथा लोगों से भी वैक्सीनेशन की जानकारी लेते हुए उन्हें प्रेरित किया। जिले में शाम 4.30 बजे तक 35 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। वैक्सीनेशन कार्य रात्रि 9 बजे तक किया जाएगा।
कलेक्टर दुबे द्वारा नकतरा, देवनगर, गढ़ी तथा बेगमगंज सहित अन्य क्षेत्रों में सेंटर्स का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य अमले से वैक्सीनेशन की जानकारी ली गई। साथ ही महिला बाल विकास, पंचायत सहित अन्य विभागों के मैदानी अमले को घर-घर दस्तक देकर द्वितीय डोज से शेष रहे सभी लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वार्ड, गॉव में कोई भी पात्र व्यक्ति वैक्सीन के द्वितीय डोज से छूटे नहीं, यदि कोई व्यक्ति किसी कारणवश सेंटर पर नहीं आ सकता तो मोबाइल टीम द्वारा व्यक्ति के पास जाकर वैक्सीन की डोज लगाई जाए। कलेक्टर द्वारा मोबाइल पर भी नोडल अधिकारियों से वैक्सीनेशन की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक वैक्सीनेशन के लिए निर्देशित किया गया।
नकतरा में दुकानदारों और आमजन को दी समझाईश
कलेक्टर दुबे ने नकतरा में वैक्सीनेशन सेंटर के निरीक्षण के पश्चात भ्रमण कर दुकानदारों तथा आमजन से वैक्सीन की दोनों डोज लगे होने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने लोगों को समझाईश दी कि कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के लिए वैक्सीन की दोनों डोज लगवाना जरूरी है। जिन्होंने अब तक वैक्सीन की द्वितीय डोज नहीं लगवाई है वह सेंटर पर जाकर डोज जरूर लगवाएं। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा लोगों को मास्क लगाने सहित सभी जरूरी सावधानियां बतरने की भी समझाईश दी गई।
बेगमगंज में वार्डो का भ्रमण कर लोगों को किया प्रेरित
कलेक्टर दुबे ने बेगमगंज में वैक्सीनेशन कार्य के निरीक्षण के दौरान किला वार्ड सहित अन्य वार्डो में जाकर लोगों से चर्चा करते हुए वैक्सीन की दोनों डोज लगे होने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने इस दौरान वैक्सीनेशन का स्टेटस भी मोबाईल में चेक किया। साथ ही लोगों को समझाईश देते हुए वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने के लिए प्रेरित किया।
जिले में महाअभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र लोगों को वैक्सीन की द्वितीय डोज लगाए जाने हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थी। कलेक्टर दुबे द्वारा वैक्सीनेशन कार्य की मॉनीटरिंग के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के साथ ही जिला अधिकारियों की भी क्षेत्रवार ड्यूटी लगाई गई थी। कलेक्टर के निर्देशानुसार अधिकारियों द्वारा सुबह से अपने-अपने क्षेत्र का सतत् भ्रमण कर वैक्सीनेशन कार्य की मॉनीटरिंग के साथ ही लोगों से चर्चा कर उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीइओ पीसी शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button