उमरियापान में विहिप बजरंग दल की बैठक

स्लीमनाबाद में होंगा विशाल त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान प्रखंड में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई । व्यौहार मुहल्ला स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई । बैठक का शुभारंभ पारंपरिक रूप से ओम मंत्र और विजय महामंत्र के उच्चारण के साथ किया गया ।
*संगठन विस्तार और आत्मरक्षा पर जोर*
विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री दीपक मिश्रा, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख मनोज मिश्रा के मार्गदर्शन में संगठन के विस्तार और उसकी मजबूती पर बल दिया । कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की और बताया कि आने वाले माह जुलाई में स्लीमनाबाद में एक विशाल त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित किया गया है, जिसमें क्षेत्र के युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे ।
*शास्त्र के साथ शस्त्र भी जरूरी*
सनातन परंपरा में शस्त्रों के महत्व को रेखांकित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा:
“हम सनातनी हैं और हमारी पूजा बिना शस्त्र के अधूरी है । हमारे लिए जितना जरूरी शास्त्रों का ज्ञान है, उतना ही आवश्यक शस्त्रों का महत्व समझना भी है । हमारे देवी-देवताओं ने भी हमें यही संदेश दिया है कि आत्मरक्षा, समाज रक्षा, राष्ट्र रक्षा और अपनी बहू-बेटियों की सुरक्षा के लिए शस्त्र धारण करना अनिवार्य है ।
*सामाजिक चुनौतियों से निपटने का आह्वान*
बैठक में वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों और चुनौतियों पर भी चर्चा की गई । वक्ताओं ने कहा कि आज समाज और संस्कृति पर आघात करने के प्रयास किए जा रहे हैं । ऐसी स्थिति में राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर खड़े होना होगा । उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन में ही असली शक्ति होती है और संगठन से मिलने वाली ऊर्जा हमें अन्याय के खिलाफ लड़ने की ताकत देती है ।
*शांति मंत्र के साथ समापन*
समारोह के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से शांति मंत्र का पाठ किया । इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला स्तर के पदाधिकारियों ने नये दायित्व प्रखंड उपाध्यक्ष तरुण चौरसिया, प्रखंड संयोजक गजराज सिंह ठाकुर,गौ रक्षक प्रमुख मनोज सोनी,सह संयोजक विकास बर्मन,सह मंत्री धर्मेंद्र बर्मन, सुरक्षा प्रमुख पार्थ चौबे, विधार्थी प्रमुख मृदुल चौबे, धर्म प्रचार प्रसार प्रमुख राकेश पाठक की घोषणा हुई । इस दौरान ऋषभ ब्यौहार, पंकज तिवारी, अंकित बर्मन, दिलीप, सागर, हर्षित गुप्ता सहित सैकड़ों दायित्ववान कार्यकर्ता और पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।



