जन कल्याण शिविर में शिवराज ने दी विकास की सौगात, 46 गांवों की सड़कों को मिली स्वीकृति

हर गरीब को पक्का मकान और महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लिया संकल्प
रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
रायसेन। ज़िले के गैरतगंज नगर में आयोजित जन कल्याण शिविर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री एवं रायसेन-विदिशा सांसद शिवराज सिंह चौहान ने क्षेत्रवासियों को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि सांची विधानसभा क्षेत्र के 46 छोटे-छोटे गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़कें स्वीकृत हो चुकी हैं। इससे वर्षों से सड़क सुविधा की मांग कर रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे गैरतगंज खाली हाथ नहीं आए हैं, बल्कि क्षेत्र के विकास की सौगात लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और पंचायतों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनके लिए भगवान की पूजा है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गरीब बहनों को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा और उन्हें “लखपति दीदी” बनाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार और गांव दोनों सशक्त होंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए श्री चौहान ने कहा कि जिन पात्र परिवारों के पास अभी भी कच्चे मकान हैं, उनका सर्वे और सत्यापन कर उन्हें पक्का आवास उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना से वंचित नहीं रहेगा। बीना नदी के जीर्णोद्धार की उठी मांग कार्यक्रम के दौरान नगरवासियों ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बीना नदी के जीर्णोद्धार की मांग की। नागरिकों ने एमपीआरडीसी के ठेकेदार पर सड़क निर्माण के दौरान नदी में मलबा डालकर नदी को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। साथ ही नदी में बने अनुपयोगी डेम को हटाकर गेटयुक्त डेम निर्माण की मांग भी की गई, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्रामीण विकास पर दिया जोर जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ‘बबलू भैया’ ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं। सड़क, आवास, पेयजल, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से गांवों की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आग्रह किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण सड़क योजना, महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। सरपंच संगठन ने सौंपा 12 सूत्रीय ज्ञापन कार्यक्रम में सरपंच संगठन द्वारा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का विशाल पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। संगठन ने क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर सांची विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत 46 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों के स्वीकृति पत्र संबंधित प्रतिनिधियों को प्रदान किए गए। साथ ही विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृति एवं लाभ पत्र वितरित किए गए। खराब मौसम के बावजूद उमड़ी भीड़ मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद जन कल्याण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और आम नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ‘बबलू भैया’, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, जनपद अध्यक्ष विजय पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश कुमार सिंघई, मंडल अध्यक्ष संजय जैन, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार पठया, वीर सिंह पटेल, उपाध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, वरिष्ठ नेता नरेंद्र पटेल, सुभाष जैन, शेरसिंह यादव, उत्तम चंद जैन, पंचायत सदस्य ऊषा सोनू मीणा, जनपद सदस्य दरयाव पटेल, राकेश श्रीवास्तव, अमन सक्सेना, सरपंच सैयद मसूद अली पटेल, हाकम सिंह गुर्जर,चरन सिंह यादव, इंदल सिंह मीणा, जिनेश कुमार जैन, नीतेश यादव, जगदीश धाकड़, रघुराज पटेल, राजेन्द्र श्रीवास्तव, अर्चना श्रीवास्तव, नन्हें लाल सिलावट, रुप सिंह, जेके जैन, कृपाल श्रीवास्तव, महेंद्र तिवारी, जवाहर चंद्रवंशी, रवि पटेल, मथुरा प्रसाद, राजेश विश्वकर्मा, मुकेश अहिरवार, अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, एसडीएम हर्षल चौधरी, तहसीलदार अमृता सुमन, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नरेश राजपूत, जनपद सीईओ पूजा जैन, एई नरेश ठाकरे, टीआई डीपी लोहिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



