सिलवानी में जल आपूर्ति शुरू, आमपानी टोला के वार्डवासियों को मिली राहत

सिलवानी। नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक के अथक प्रयासों से वार्ड क्रमांक 1, आमपानी टोला में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का समाधान हो गया है। इस क्षेत्र के निवासी वर्षों से पानी की कमी से जूझ रहे थे, विशेषकर गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती थी, जब वार्ड में लगे ट्यूबवेल सूख जाते थे।
मध्य प्रदेश सरकार की जलावर्धन योजना के अंतर्गत अब इस क्षेत्र में जल सप्लाई लाइन शुरू कर दी गई है। इस योजना के तहत नगर परिषद सिलवानी द्वारा लगभग 50 परिवारों को 20 नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जिससे लोगों को घर-घर पानी की सुविधा मिल रही है।
शनिवार को जल सप्लाई का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद के जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता विभोर नायक, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, बाबू ठाकुर और लखन मेहरा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने जल आपूर्ति शुरू होने पर खुशी जताई और नगर परिषद का आभार व्यक्त किया।



